
- इंदौर के सुपर कारिडोर पर इवेंट में जा रही दो युवतियों को टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुकी कार।
इंदौर। सुपर कारिडोर पर शनिवार रात बड़ा हादसा टल गया। एक कार ड्राइवर ने युवतियों को घायल कर दिया। उसने टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रोकी। युवती का दुपट्टा कार के पहिये में फंस गया और वह दूर तक घसीटते हुए ले गया। दो युवतियां घायल हुई है। एक को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना शनिवार रात सुपर कारिडोर की है। द्वारकापुरी निवासी खुशी साहेब सेन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। खुशी व उसकी सहेली काजल इवेंट संबंधित काम करती हैं। शनिवार रात खुशी और काजल इवेंट के लिए ग्राम रेवती में जा रही थी। गाड़ी खुशी ही चला रही थी। जैसे ही लवकुश चौराहा जाने के लिए सर्विस रोड़ की तरफ मुड़ी, पीछे से आई कार (एमपी 09 सीवी 1595) ने स्कूटर (एमपी 09 जेडई 3686) को टक्कर मार दी।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
कार की टक्कर से दोनों युवतियां स्कूटर सहित नीचे गिर गई। कार के पहिये में काजल का दुपट्टा फंस गया और कार वाला घसीटते हुए ले गया। मुंह के बल गिरने से काजल को गंभीर चोट आई। पीछे आ रही सहेली नैना व अन्य राहगीरों ने उन्हें उठाया और तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। काजल की हालत ज्यादा खराब है।
