माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा आज से शुरू हो गई है। आज हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा का हिंदी का पेपर है, जबकि मंगलवार से हायर सेकंडरी 12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर भी हिंदी का ही है। इस बार शाजापुर जिले में हाईस्कूल परीक्षा में कुल 12 हजार 462 रेगुलर एवं 1235 प्राइवेट परीक्षार्थी सहित कुल 13697 परीक्षार्थी शामिल होंगे । जबकि हायर सेकंडरी परीक्षा में 8 हजार 257 रेगुलर एवं 1210 प्राइवेट परीक्षार्थी सहित कुल 9 हजार 467 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस तरह से शाजापुर जिले में कुल 23 हजार 164 परीक्षार्थी माध्यमिक शिक्षा मंडल के बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।जिले में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिन पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। शाजापुर कलेक्टर रिजु बाफना ने 59 परीक्षा केंद्रों पर शासकीय अधिकारियों को कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त करते हुए उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मोबाइल एप इंस्टॉल किया गया है। जिससे इन बोर्ड परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा सकें।
