
- शादी न करने पर बदला लेने की धमकी दी थी, छह महीने बाद रिपोर्ट लिखवाई।
इंदौर। सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शादीशुदा युवती की शिकायत पर आठ लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। आरोपितों में पीड़िता का पूर्व प्रेमी भी शामिल है। उसने शादी न करने पर युवती को दिनदहाड़े अगवा किया और दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित 60 फीट रोड की है। पुलिस ने बुधवार देर रात 23 वर्षीय शादीशुदा युवती की शिकायत पर अंकित कदम सहित उसके सात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया। टीआइ अनिल गुप्ता के मुताबिक घटना करीब छह महीने पुरानी बताई गई है। पीड़िता दोपहर करीब ढाई बजे ससुराल से मां के घर जा रही थी। 60 फीट रोड से आरोपित अंकित साथियों के साथ आया और युवती का अपहरण कर लिया।
आइडीए की जर्जर इमारत में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपितों ने उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। अंकित ने धमकाया कि शिकायत करने पर वीडियो बहुप्रसारित कर बदनाम कर देगा। पीड़िता की छोटी बहन के साथ भी इसी तरह सामूहिक दुष्कर्म करने की धमकी दी गई। पुलिस ने गुरुवार सुबह मुख्य आरोपित अंकित कदम निवासी डाक-तार कालोनी, विशाल लंगड़ा चकरानी निवासी 60 फीट रोड, मिथुन राठौर निवासी विदुर नगर, विशाल लाल मुंडिया उर्फ मास उर्फ दीपक धुरंदर निवासी बुद्धनगर, रवि राठौर निवासी ई-सेक्टर सुदामानगर और विशाल पंवार निवासी डाक-तार कालोनी को गिरफ्तार किया। दो आरोपित बिल्ला उर्फ रोहित व राधे बंजारा फरार हैं।
आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है युवती
टीआइ के मुताबिक पीड़िता की अंकित से दोस्ती थी। उसने चार महीने पूर्व दूसरे लड़के से शादी कर ली। उसने पीड़िता को धमकाया था। दिसंबर में पीड़िता ने एसिड पीकर जान देने की कोशिश की। हालांकि उस वक्त युवती ने पुलिस को बयान में बताया कि पति से विवाद होने के कारण एसिड पी लिया।

