इंदौर शहर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में नगर निगम के दरोगा और निजी डॉक्टर के कर्मचारियों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। इस मारपीट के पीछे एक पेड़ काटने के विवाद को बताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने दोनों ही पक्ष के लोगों को मेडिकल के लिए रवाना कर दिया था एवं उसके आधार पर प्रकरण दर्ज करने की बात कही जा रही है।
मल्हारगंज पुलिस को नगर निगम के उद्यान विभाग के दरोगा डेनी पिता गोवर्धन हतोनिआ और उसके सह कर्मचारी दीपक मेहता ने एक शिकायत आवेदन दिया है। पुलिस के अनुसार डैनी शनिवार सुबह अपने साथी कर्मचारियों के साथ क्षेत्र के राज मोहल्ला इस्थित डॉक्टर दिग्विजय सिंह नीमा के यहां निरीक्षण के लिए पहुंचा था। डॉक्टर के यहां पिछले कई दिनों से मकान के कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है जिसमें एक पेड़ बाधा बन रहा है। दरोगा द्वारा इसी पेड़ को हटाने के लिए निरीक्षण किया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान ही डॉक्टर दिग्विजय सिंह एवं उसके यहां कंस्ट्रक्शन का काम कर रहे हैं कर्मचारियों ने पेड़ को हटाने के लिए डेनी पर दबाव बनाया। इसी दौरान दोनों पक्षों पर मे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई जिसमें जमकर मारपीट हुई। दोनों ही पक्ष के लोग इस मारपीट के बाद थाने जा पहुंचे जहां पर पुलिस ने घायल लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा यह कहा जा रहा है कि मेडिकल परीक्षण के बाद ही दोनों पक्ष के खिलाफ कौन सी धारा में प्रकरण दर्ज करना है यह तय किया जाएगा।
