
प्रियंका गांधी सुबह 11.30 बजे इंदौर पहुंचेंगी। दोपहर 12 बजे मांगलिया में सभा लेंगी। इसके बाद खातेगांव जाएंगी। शाम को इंदौर में पांच से छह बजे तक रोड शो करेंगी।
इंदौर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को इंदौर आएंगी। दोपहर में मांगलिया में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद वे देवास जिले के खातेगांव पहुंचेंगी और वहां भी आम सभा को संबोधित करेंगी। तीन दिन में कांग्रेस महासचिव का यह दूसरा इंदौर दौरा है। खातेगांव से लौटकर शाम को इंदौर में प्रियंका का रोड शो होगा और शाम को विशेष विमान से वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
कांग्रेस द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका गांधी सुबह करीब 11.30 बजे इंदौर पहुंचेगी। दोपहर 12 बजे मांगलिया में वे जनसभा को संबोधित करेंगी। यहां से सीधे खातेगांव के लिए हेलीकाप्टर से रवाना होंगी। वहां दोपहर 2 बजे से सवा तीन बजे तक सभा को संबोधित करने के बाद इंदौर लौटेंगी। शाम पांच से छह बजे तक इंदौर के क्षेत्र क्रमांक एक में रोड शो में शामिल होंगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ भी उनके साथ होंगे।
दो दिन पहले भी इंदौर आई थीं प्रियंका
दो दिन पहले भी कांग्रेस महासचिव ने इंदौर के कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में इंदौर के रोबोट चौराहे पर सभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया था। प्रियंका गांधी ने सभा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के बजाय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ज्यादा निशाना साधा।
