
चोर ने पहले खुद को जूनियर डाक्टर बताया, फिर ट्रेनी बताया, लेकिन उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं था।
एमवाय अस्पताल में गुरुवार रात 2 बजे अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों व स्टाफ ने दवा चुराने वाले चोर को पकड़ा। यह चोर डाक्टर की एप्रन पहन व चेहरे पर मास्क लगाकर अस्पताल के आपातकालीन सेवा वाले वार्ड नंबर 23 में घुसा । वह अपने साथ लाए बैग में इंजेक्शन व दवाइयां रखने लगा। मरीज व अस्पताल के स्टाफ ने उसकी संदिग्ध गतिविधि को देख पूछताछ की और पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक, युवक का नाम कुशल दुलेटिया निवासी तीन इमली है। अस्पताल के स्टाफ के मुताबिक, युवक से विभाग के बारे में पूछा गया तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। पहले खुद को जूनियर डाक्टर बताता रहा, लेकिन बाद में खुद को ट्रेनी बताकर मेडिकल कालेज में पदस्थ होने की जानकारी देने लगा। उसके पास कोई पहचान पत्र भी नहीं था। एमवाय अस्पताल के अधीक्ष डा. पीएस ठाकुर के मुताबिक, युवक को अस्पताल से पकड़ा है। वह दवा चुराने वाला था। उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
