
बड़वाह-काटकूट मार्ग पर बरझर के पास ओंकारेश्वर जा रहे इंदौर के युवाओं की कार पुलिया के नीचे गिर गई। इस हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई है। जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की है। बताया जा रहा है कि ओखला में ओखलेश्वर हनुमान के दर्शन के बाद महिंद्रा एक्सयूवी वाहन से ओंकारेश्वर जा रहे थे।
इसी दौरान अंधेरे में उनका वाहन बिना रेलिंग की पुलिया से लगभग 30 फीट नीचे गिर गया। जोरदार आवाज के बाद ग्रामीण दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी गिरने के बाद कई पलटी खाई थी। ग्रामीणों ने उसे सीधा कर कांच और दरवाजा तोड़कर फंसे करीब 8 लोगों को बाहर निकाला।
दो की मौत, 6 लोग घायल
इसी दौरान उन्हीं के परिचित जो अन्य वाहनों से पीछे आ रहे थे। उन्होंने सभी घायलों को बड़वाह शासकीय अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने बाणगंगा निवासी कुणाल पाल नाम के युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुछ देर इलाज के बाद आकाश जाट ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में शिवा श्रीकृष्णा कुशवाह, अमन गोकुल, लक्की राजेश, संदीप, शुभम, शुभम राम घायल हो गए।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर नवागत एसडीओपी अर्चना रावत भी सिविल अस्पताल पहुंची। शेष घायलों का चिकित्सक उपचार कर रहे है। बताया जा रहा है कि सभी घायल भी इंदौर के है। इनके साथ दो अन्य गाड़ियों में भी युवक थे। इस तरह कुल 20 युवा ओंकारेश्वर जा रहे थे।

