
- संस्था न्यायाश्रय की अनूठी पहल, देंगे निश्शुल्क कानूनी सलाह। कानून की जानकारी नहीं होने की वजह से समाज में एक बड़ा वर्ग न्याय से वंचित रह जाता है।
इंदौर। कानून के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्था न्यायाश्रय ने आमजन में कानूनी जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “विधिक जागरूकता कार्यक्रम” शुरू किया है। संस्था के सदस्य प्रति रविवार कृष्णपुरा क्षत्रियों पर दोपहर एक से तीन बजे तक उपलब्ध रहेंगे। इस कानूनी जागरूकता कार्यक्रम में दैनिक जीवन में उपयोग में आने वाले प्रमुख कानून को आसान भाषा में समझाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही कानूनी परामर्श एवं जरूरतमंद को कानूनी सहायता भी दी जाएगी।
संस्था अध्यक्ष एडवोकेट पंकज वाधवानी ने बताया कि अक्सर यह देखा जाता है कि कानून की प्रक्रिया अत्यंत जटिल होने की वजह से और कानून की जानकारी नहीं होने की वजह से समाज में एक बड़ा वर्ग न्याय से वंचित रह जाता है। ऐसी स्थिति में कानून की जानकारी हर एक व्यक्ति तक पहुंचे इस उद्देश्य को लेकर संस्था का यह प्रयास संस्था के सदस्यों की सहायता से निरंतर चलाया जाएगा। इसी उद्देश्य से एक ऐसा स्थान चुना है जो कि एक लोकस्थल है, जहां पर प्रत्येक व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के बगैर किसी संशय के संस्था के सदस्यों से संपर्क कर सकता है।
जूनियर अधिवक्ताओं को भी देंगे ट्रेनिंग
वाधवानी ने बताया कि संस्था ने इस अभियान के माध्यम से जूनियर अधिवक्ताओं को प्रशिक्षण देने का निर्णय भी लिया है। यही वजह है कि हमने कार्यक्रम में जूनियर अधिवक्ताओं को भी सहभागी बनाया है। हमारी कोशिश है कि जूनियर अधिवक्ता भी समाज हित में कानूनी सहायता और कानूनी परामर्श दे सकें इसके लिए उन्हें प्रेरित किया जाएगा।
संस्था पूर्व में भी चला चुकी है अभियान
निराश्रितों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को निश्शुल्क कानूनी सलाह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्था न्यायाश्रय इसके पहले भी अभियान चला चुकी है। संस्था की इस पहल को शहरवासियों को अच्छा प्रतिसाद भी मिला है। वाधवानी ने बताया कि हमारे अभियान सतत जारी रहेंगे।

