इंदौर शहर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी के घर पर एक बदमाश नें पेट्रोल बम फेका और फरार हो गया। प्रारंभिक छानबीन मे यह सामने आ रहा है कि एक्सटॉर्शन यानी अवैध वसूली को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है।
दरअसल घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के रेवेन्यू नगर की है यहां रहने वाले सुनील पिता रामकिशन चौहान ने एक शिकायत दर्ज कराई है कि उसके घर पर शनिवार रात को अज्ञात बदमाश द्वारा पेट्रोल पंप फेंका गया है। हालांकि देर रात पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी और उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम गौरव पिता शिवाजी शिंदे निवासी रेवेन्यू नगर बताया है। बदमाश ने पुलिस को बताया कि उसने यह घटना क्षेत्र में ही रहने वाले रिंकू उर्फ मुकेश चौधरी के कहने पर की है। बदमाश ने बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर और उसमें आग लगाकर फरियाद के घर पर फेंका था।
पुलिस के अनुसार पूर्व में भी फरियादी रिंकू चौधरी के खिलाफ दो बार एफआईआर दर्ज करा चुका है। शायद यही वजह है कि बदमाश नें रंजिश के चलते फरियादी के घर पर बम फेंकवाया है। हालांकि सूत्र के हवाले से यह भी खबर आ रही है कि रिंकू चौधरी क्षेत्र का एक बदमाश है और क्षेत्र में वह अवैध वसूली भी करता है और उसने फरियादी कपड़ा व्यापारी से ₹500000 की भी मांग की थी। रूपये नहीं देने पर बदमाश रिंकू ने अपने साथी गौरव के जरिए फरियादी के घर बम फेंकवाया है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने बम फेंकने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है,वही रिंकू चौधरी के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

