
शहर में लगातार चोरियां हो रही हैं। साउथ तुकोगंज में बुजुर्ग के घर से डायमंड की चूड़ी चोरी हो गई है। उन्होंने नौकरानी पर शंका जताई है। वहीं खातीवाला टैंक में लोहे का गेट चोरी हुआ। यह वही गैंग है जो रेसीडेंसी, आजाद नगर, पत्रकार कॉलोनी सहित कई जगहों से 5 दर्जन से ज्यादा गेट चुराकर बेच चुकी है।तुकोगंज पुलिस ने 65 साल के अशोक खासगीवाल निवासी कंचन बाग, साउथ तुकोगंज की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। घटना 22 सितंबर को पता चली। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके घर से डायमंड की दो चूड़ियां चोरी हो गईं। नौकरानी भावना पर संदेह जताया है। पुलिस भावना से पूछताछ करेगी।
उधर , मल्हारगंज पुलिस ने ललित पिता बद्रीलाल जैन निवासी हाई लिंक सिटी छोटा बांगड़दा की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। चोरी रामबली नगर में स्थित फरियादी की फैक्टरी में हुई। फरियादी ने बताया कि कोई बदमाश फैक्टरी की छत की जाली तोडकर अंदर घुसा और तांबे की पट्टियां, अन्य स्क्रेप और 5000 नकदी चुराकर ले गया।
40 किलो का गेट खोल ले गए
जूनी इंदौर पुलिस ने अली अकबर पिता मोहम्मद हुसैन निवासी मधुरम अपार्टमेंट खातीवाला टैंक की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया। फरियादी ने बताया कि शनिवार सुबह कोई बदमाश उनकी मल्टी में लगा लोहे का मेन गेट ही खोलकर ले गया। वह करीबन 40 किलो का था। पुलिस अब फुटेज के आधार पर तलाश कर रही है।
पहले भी हो चुकी है गेट चोरी की घटना
ये गेट चोर गैंग पहले पलासिया और संयोगितागंज इलाके में घूमकर चोरियां करती थीं। गैंग सुबह रैकी करती है और दोपहर में बाइक से आती थी। फिर लोहे के गेट को निकालकर बाइक पर रखकर ले जाती थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ बदमाशों को जेल भेजा था। पता करेंगे कि ये बदमाश जेल में हंै या छूट गए हैं। एमजी रोड पुलिस ने आशीष मालवीय निवासी सिख मोहल्ला की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। कोई बदमाश फरियादी की नोवेल्टी मार्केट स्थित दुकान का शटर उचकाकर नकदी चुराकर ले गया।
