
खाचरौद (उज्जैन) | इंदौर से जोधपुर जा रही अशोक ट्रैवल्स की बस (एनएल 07 बी 0714) शुक्रवार रात फर्नाखेड़ी में चापाखेड़ी-आक्या जागीर फंटे पर पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें एक पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। बस में 44 यात्री सवार थे।
हादसे में बस कंडक्टर रामचरण (35) निवासी उदयपुर, आशा बरधानी (29) शकुंतला बरधानी (25) दोनों निवासी मगरधा जिला सीहोर की बस में दबने से मौके पर ही मौत हुई। गंभीर घायल अनिल (30) एवं अजय (30) निवासी मगरधा जिला सीहोर को नागदा जनसेवा तथा अन्य घायल 7 यात्री नारायण (27), प्रियंका (20) तथा निहारिका (3 माह) तीनों निवासी सोमेश्वर, तरुण कुमार (27), राकेश कुमार (23), मोइन खान (20) निवासी सीहोर राजस्थान तथा जयस (27) निवासी कर्नाटक होबाली को जावरा के अस्पताल भेजा गया। शेष यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रशासन ने की। हादसे के बाद बस को सीधा करने के लिए क्रेन करीब 3 घंटे बाद रात 2 बजे पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार देरी के कारण देवरानी-जेठानी मगरधा जिला सीहोर निवासी आशा और शकुंतला की मौत हो गई।
