इंदौर के लसूड़िया में रहने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थिती में मौत हो गई। वह अपनी बहन के साथ शराब छोड़ने की दवाई लेने एक वैध के पास गया। यहां से वापस आते समय उसकी तबीयत बिगड़ी। उसे बड़ा भाई अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां रात में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।
लसूड़िया पुलिस के मुताबिक विज्जूखेड़ी में रहने वाले लालसिंह(36)पुत्र सरदारसिंह की सीएचएल अस्पताल में मंगलवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। रिश्तेदार हिम्मत ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे लालसिंह ओर उसकी बहन रीना शराब छुडाने के लिये हातोद रेशम केन्द्र से आगे होशापुर गांव में एक वैध के पास पहुंची। यहां वैध ने लालसिंह को शराब छुडाने के लिये दवा दी। दवा पीने के बाद भाई बहन बाइक से निकले। करीब एक किलोमीटर दूर आने पर लालसिंह को घबराहट हुई ओर उल्टीयां होने के बाद मुंह में छाले हो गए। बहन रीना इस दौरान घबरा गई। कुछ देर बाइक रोककर दोनो रासते में बैठ गए।
घर पहुंचा तो हुआ बेसुध
घर पहुंचने पर भी लालसिंह की हालत नही सुधरी। उसे बड़ा भाई मांगलिया के पास एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरो ने अन्य दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लालसिंह को सीएचएल अस्पताल लेकर आया गया। यहां रात में उसने दम तोड़ दिया। लालसिंह ट्रांसपोर्ट पर काम करता है। उसके परिवार में पत्नी ओर दो बच्चे है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिती स्पष्ट होगी।
