
देश की राजधानी नई दिल्ली जी-20 समिट के लिए पूरी तरह तैयार है. भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी-20 की बैठक होनी है जिसमें तमाम विदेशी मेहमान हिस्सा लेंगे. इस बैठक को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली को सजाया गया है. वहीं, ट्रैफिक और मेट्रो को लेकर एडवाइजरी भी जारी की गई है. 7 सितंबर से नई दिल्ली की कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा जिसे लेकर एडवाइजरी जारी कर दी गई है. इसी के साथ, मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी कुछ दिशानिर्देश जारी किए गए हैं.
मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव
8 से 10 सितंबर तक मेट्रो सेवाएं सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से प्रातः 04:00 बजे से शुरू होंगी. सुबह 06:00 बजे तक सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन 30 मिनट के अंतराल पर तथा सुबह 06:00 बजे के बाद सभी लाइनों पर ट्रेनें पूरे दिन सामान्य समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी.
मेट्रो के इस गेट से न उतरे
8 से 10 सितंबर के दौरान सभी मेट्रो स्टेशन आम जनता के लिए खुले रहेंगे. सुरक्षा कारणों की वजह से केवल सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर 09 और 10 सितंबर 2023 को यात्रियों को चढ़ने/ उतरने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि, वी.वी.आई.पी. प्रतिनिधि मंडलों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए 9 और 10 सितंबर को जरूरत पड़ने पर सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर नई दिल्ली जिले में कुछ स्टेशनों पर प्रवेश/ निकास को सीमित अवधि के लिए रेगुलेट किया जा सकता है.
