
मामले में पांच अन्य आरोपितों की तलाश, एमआइजी, खजराना और पंढरीनाथ पुलिस एक-दूसरे को बता रही जिम्मेदार।
एमआर मोहम्मद रियाज उर्फ शानू की हत्या के मामले में पंढरीनाथ थाना पुलिस ने तीन अन्य आरोपित आबिद, सोनू उर्फ इमरान और साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। इमरान और गोलू भागने के दौरान घायल हो गए। दोनों को एमवाय अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस पांच आरोपितों की तलाश कर रही है।डीसीपी जोन-4 आरके सिंह के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार को आरोपित रिजवान, गोलू बारी उर्फ अबरार और इमरान उर्फ शानू को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को पुलिस ने तीन अन्य आरोपित आबिद, मोनू उर्फ शादाब और साहिल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित गोलू और आबिद पैर में चोट लगने के कारण घायल हुए हैं। दोनों का एमवाय अस्पताल में उपचार चल रहा है। डीसीपी के मुताबिक, घटना में मुजम्मिल, गुलाम रसूल, फिरोज, गुलाम नबी सभी निवासी कबूतरखाना और बादशाह की तलाश है। आरोपितों के संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।
अलग-अलग थानों की पुलिस देती रही दलील
मोहम्मद रियाज (मृतक) के स्वजन ने पुलिस पर अपराधियों से साठगांठ के आरोप लगाए हैं। रिजवान एमआइजी थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश होने के बाद भी कबूतरखाना स्थित ससुराल में रहता था। वह गोलू के साथ ड्रग्स और जुए का अड्डा संचालित कर रहा था। पंढरीनाथ पुलिस ने कभी तलाशी ही नहीं ली। मामले में पंढरीनाथ पुलिस ने कहा कि रिजवान कभी-कभी आता था। वह खजराना थाना क्षेत्र में रहने चला गया था। एमआइजी पुलिस ने कहा कि रिजवान क्षेत्र का गुंडा है, लेकिन घर टूटने के बाद खजराना क्षेत्र में रहने लगा। खजराना पुलिस की दलील है कि रिजवान के यहां रहने की खबर ही नहीं दी गई।
