
दो-तीन दिन से हो रहा था सीने में दर्द, गुरुवार को भी दर्द उठा तो बाइक से डाक्टर के पास जा रहा था, मल्हारगंज थाना क्षेत्र के अंतिम चौराहे पर बाइक से गिरा।
मल्हारगंज थाना क्षेत्र में रहने वाला गैरेज संचालक गुरुवार को अंतिम चौराहे पर चलती बाइक से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसे दो दिन से सीने में दर्द हो रहा था, जिसे दिखाने वह डाक्टर के पास जा रहा था।
मल्हारगंज थाना पुलिस के मुताबिक, 40 वर्षीय संजय पुत्र शिवनारायण कुमावत निवासी राजमोहल्ला की मौत हो गई। फिलहाल अभी कारण सामने नहीं आया है। संभवत: उसकी हार्टअटैक से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
दो-तीन दिन से उठ रहा था सीने में दर्द
स्वजन के मुताबिक, संजय के सीने में दो-तीन दिन से दर्द हो रहा था। गुरुवार दोपहर में अचानक दर्द उठा तो वह बाइक से डाक्टर के पास जा रहा था। इसी दौरान अंतिम चौराहे पर वह बाइक से गिर गया और उल्टियां करने लगा। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां से एमवाय अस्पताल ले जाने का कहा। वहां ले जाने पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
