
विजय नगर पुलिस ने मल्टी लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) के कर्ताधर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित ऐसे युवक-युवतियों को निशाना बनाते थे जो रोजगार तलाश रहे थे। जमा रुपये मांगने पर आरोपित पीड़ितों को बंधक बनाकर पीटते थे। पुलिस ने डेढ़ महीने बाद एफआइआर दर्ज की है।
डीसीपी जोन-2 सूरज वर्मा के मुताबिक, महिमा पवन मनोरिया निवासी एलआइजी कालोनी की शिकायत पर आरोपित अंकित जाट, अजय मालवीय और अजय जाट के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपितों ने इंस्टाग्राम और पर्चे छपवा कर एक विज्ञापन जारी किया था। इसमें बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार का सुनहरा अवसर बताया। करीब 40 युवकों ने साक्षात्कार देकर नौकरी ज्वाइन कर ली।
ब्याज पर रुपये लेकर करवाए जमा
तीन-चार दिन बाद ही आरोपितों ने प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया और बिजनेस प्लान समझाया। सभी कर्मचारियों को प्रोडक्ट बेचने का लालच दिया। ब्रेनवाश कर उनसे लाखों रुपये जमा करवा लिए। ट्रेनर ने बताया कि कर्मचारी द्वारा अन्य सदस्यों को जोड़ने पर मुनाफा मिलेगा। लोगों ने ब्याज पर रुपये लेकर आरोपितों को जमा करवा लिए।महीनों तक प्रोडक्ट न मिलने पर शिकायतें शुरू हुई तो आरोपित अभद्रता पर उतर आए। एक कर्मचारी मिथुन के साथ तो मारपीट कर दी।
फर्जी दस्तावेजों से खोली कंपनी
वकील गरिमा बैंडवाल के माध्यम से थाना में शिकायत की और पीड़ितों को एकत्र लिया। विजय नगर पुलिस करीब डेढ़ महीने तक जांच करती रही। कार्रवाई न होने पर अफसरों को शिकायत की और गुरुवार को तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। गरिमा के मुताबिक, आरोपितों ने कंपनी फर्जी दस्तावेजों से खोली है। इसके पूर्व देवास और उज्जैन में भी लोगों से ठगी कर चुके हैं।
अलर्ट: टेलीग्राम एप के माध्यम से निशाना बना रहे ठग
राज्य साइबर सेल ने ऐसे ठगों से सावधान रहने की अपील की है जो टेलीग्राम एप के माध्यम से लोगों को निशाना बना रहे हैं। एसपी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, ठग आनलाइन जॉब, पार्ट टाइम जॉब, टास्क टारगेट, क्रिप्टो करंसी, प्रोडक्ट की शापिंग के नाम से ठगी करते हैं। एसपी के मुताबिक, टेलीग्राम पर मिलने वाली लिंक, अनजान प्रोफाइल से सावधान रहें और ग्रुप चैनल से न जुड़ें। क्रिप्टो करंसी में निवेश, फीस, रजिस्ट्रेशन, एडवांस ट्रेडिंग के लिए रुपये जमा न करें।

