
खुड़ैल थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।छात्रा को मुस्लिम युवक अस्मत धमका रहा था। आरोपित धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाता था। बुधवार रात भी आरोपित ने छात्रा के बड़े पापा के फोन पर मैसेज कर दिए। तनाव में आई छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी(ग्रामीण) हितिका वासल के मुताबिक आरोपित अस्मत पुत्र शब्बीर हुसैन के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने और लव जिहाद का केस दर्ज किया गया है। अस्मत स्कूल में छात्रा के साथ ही पढ़ता था। इस दौरान उससे दोस्ती हो गई थी।
छात्रा कालेज जाने लगी तो अस्मत उसका पीछा करने लगा। वह रास्ते में ही रोक लेता था। डर के कारण छात्रा कालेज नहीं आने लगी। स्वजन खुद उसे 15 दिन में एक बार कालेज लेकर आने लगे। अस्मत का इतना खौफ था कि छात्रा के स्वजन 15 दिन में भी समय और दिन बदल कर आते थे।
अस्मत ने छात्रा का पीछा नहीं छोड़ा और बुधवार को छात्रा के बड़े पापा के फोन पर काल लगाए। छात्रा ने फोन लिया तो उसने कुछ मैसेज किए और तत्काल डिलिट कर दिए। थोड़ी देर बाद छात्रा रूम में गई और जहर खा लिया। रात करीब 11 बजे इंडेक्स मेडिकल कालेज ले गए, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर बाम्बे अस्पताल रैफर कर दिया। रात करीब 1 बजे डाक्टर ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
तेरे नाम से जहर खाकर आत्महत्या कर लूंगा
घटना के बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारी खुड़ैल थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। छात्रा के पिता ने कहा अस्मत के कारण बेटी परेशान थी। करीब पांच महीने पूर्व बेटी कालेज आई तो उसको फोन दिया। अस्मत फोन पर परेशान करने लगा। जानकारी मिलने पर उसका फोन घर रखवा लिया। इसके बाद अस्मत ने छात्रा को रास्ते में रोका और कहा कि मुझसे बात नहीं की तो जहर खा लूंगा। तुझे बदनाम कर दूंगा। एक बार छात्रा के पिता को भी रोका और कहा कि तेरी बेटी को उठा कर ले जाऊंगा। छात्रा के पिता ने अस्मत के पिता शब्बीर,दादा हैदर को भी घटना के बारे में बताया।
आजाद नगर से पकड़ा गया आरोपित
हिंदू संगठन की नाराजगी के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने एवं लव जिहाद की धाराओं में केस दर्ज किया। गुरुवार सुबह अस्मत को आजादनगर क्षेत्र से गिरफ्तार भी कर लिया।

