
हिंदुस्तान लिवर कंपनी के कलेक्शन एजेंट मुन्ना चौहान से बदमाशों ने पौने दो लाख रुपये लूट लिए। आरोपितों ने एजेंट की आंख में मिर्च भी झोंकी और उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने कार ड्राइवर शुभम को हिरासत में लिया है। उसने साजिश में शामिल होना कुबूल लिया है।
लसूड़िया टीआइ संतोष दूधी के मुताबिक, बजरंग नगर निवासी मुन्ना पुत्र कृष्णा चौहान हिंदुस्तान लिवर कंपनी में कलेक्शन एजेंट का काम करता है। दिनभर दुकानदारों से रुपये एकत्र करता है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह ड्राइवर शुभम के साथ कार से लौट रहा था। एमआर-11 पर चोइथराम स्कूल के समीप शुभम जरूरी काम से रुका। इसी दौरान एक बाइक चार युवक आए। चारों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।
आंख में मिर्च झोंककर की मारपीट
बदमाशों ने पहले मुन्ना से पूछा कि यहां क्यों रुके हो। उन्होंने मुन्ना से कार से बाहर निकलने के लिए कहा। मुन्ना बाहर नहीं आया तो आंख में मिर्च झोंक दी। आरोपितों ने रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। मुन्ना ने बैग नहीं छोड़ा तो उससे मारपीट की और घसीटते हुए ले गए। आरोपित रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। टीआइ के मुताबिक, घटना के बाद शुभम आया और आरोपितों को ढूंढने का बहाना करने लगा। पुलिस ने उसे रात में ही हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
