
इंदौर। इंदौर पुलिस ने चार साल से फरार जालसाज को गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि आरोपित की गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपितपर फर्जी मार्कशीट, स्टांप पर फर्जी लिखा-पढ़ी करने का आरोप है। अपराध शाखा के डीसीपी निमिष अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित का नाम अजहर उर्फ अजहरुद्दीन शेख पुत्र शेख बाबू निवासी आजाद नगर है।
आरटीओ कार्यालय परिसर में फर्जीवाड़ा पकड़ा
डीसीपी निमिष अग्रवाल के अनुसार वर्ष 2019 में आरटीओ कार्यालय परिसर में फर्जीवाड़ा पकड़ा गया था। जानकारी मिली थी कि आरोपित अनपढ़ और अन्य राज्यों में रहने वालों के फर्जी दस्तावेजों से लाइसेंस बनवाते हैं।इसके साथ ही मार्कशीट भी फर्जी लगा देते हैं। स्टांप पर फर्जी लिखा-पढ़ी कर स्थानीय निवासी बताते हैं। आरोपित अजहर उस वक्त मौके से फरार हो गया था। गुरुवार रात पुलिस ने अजहर को गिरफ्तार कर लिया।
