
इंदौर। बजाज कंपनी का कर्मचारी बताकर पालिसी का पैसा अप्रूवल करवाने के लिए एक युवक को झांसे में लेकर आरोपित ने खाते में करीब 27 हजार रुपये जमा करवा लिए। युवक को शक हुआ तो उसने सोमवार को थाने में जाकर शिकायत की। बाणगंगा पुलिस के अनुसार, कुम्हारखाड़ी में रहने वाले नीलेश सिंह बैस (23) ने बताया कि नए नंबर से फोन आया। काल करने वाले ने खुद को बजाज फाइनेश कंपनी लाइफ इंश्योरेश का कर्मचारी बताते हुए अपना नाम रवि वर्मा बताया।
कंपनी में फोन किया तो धोखाधड़ी का पता चला
आरोपित ने कहा कि 15 हजार रुपये जमा कीजिए तो पालिसी का पैसा अप्रूवल करवा दूंगा। इसके बाद बताए गए खाते में रुपये जमा कर दिए। कुछ दिनों बाद दोबारा फोन आया कहने लगा 12 हजार और जमा करना पड़ेंगे, तभी पालिसी क्लोज होकर रुपये मिलेंगे। विश्वास में आकर फिर से रुपये खाते में डाल दिए। कंपनी में फोन लगाकर इसकी जानकारी ली तो पता चला कि मेरे साथ धोखाधड़ी हुई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
