
राऊ थाने पहुंची पीड़ित मां, पुलिस ने शिकायत के बाद बेटे के खिलाफ दर्ज किया केस।
जिस बेटे की बचपन में हर जिद पूरी कर काम करने के काबिल बनाया, आज वही बेटा मां के साथ मारपीट करने लगा है। बुजुर्ग मां जब भी बेटे को समझाने जाती है कि शराब पीना छोड़कर काम कुछ काम कर ले। मैं हूं तब तक तुझे पाल लुंगी, लेकिन मेरे बाद तेरा क्या होगा। लेकिन बेटा शराब के नशे में अपने होश तक खो बैठा है। शराब की लत से दूर रहने की सलाह देने वाली मां को ही अपशब्द बोलने लगा। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी तक दे दी। 50 वर्षीय बुजुर्ग मां को जब लगा कि उसके कहने से बेटे पर कोई असर नहीं होगा तो वह पुलिस के पास मदद की गुहार लगाने के लिए पहुंची।
राऊ थाना क्षेत्र में मां ने जब अपने बेटे को काम पर जाने के लिए कहा तो गुस्से में उसने मां को ही पीट दिया। परेशान मां पुलिस के पास मदद के लिए पहुंची। जिस पर बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, अशोक विहार कालोनी निवासी तेजकुंवर (50) ने बताया कि बेटा राजेश पंवार शराब पीने का आदी है और कोई काम धंधा भी नहीं करता। काम करने का बोलने पर झगड़ा करने लग जाता है। सोमवार सुबह 11 बजे राजेश को काम पर जाने का बोला तो वह अपशब्द बोला और मारपीट की। इससे पैर व पीठ मे चोट आई। मामले में पुलिस ने राजेश पंवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
