
लाइट हाउस और टीडीएस बार के लाइसेंस भी निलंबित होने के आसार, जांच दल ने केस दर्ज कर फाइल उच्च अधिकारियों को भेजी।
शहर में रेसकोर्स रोड पर कामर्स हाउस स्थित फोर फाक्स रेस्त्रां बार में मारपीट की घटना और आबकारी नियमों के उल्लंघन को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में कलेक्टर मनीष सिंह ने आबकारी विभाग की उप निरीक्षक शालिनी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पलासिया क्षेत्र के सहायक जिला आबकारी अधिकारी बीके वर्मा को वर्तमान प्रभार से हटा दिया है। वर्मा को सहायक आयुक्त कार्यालय में संबद्ध किया गया है।
इस बीच पता चला है कि विजय नगर क्षेत्र के मल्हार मेगा माल में लाइट हाउस और टीडीएस बार में 21 साल से कम उम्र के बच्चों को शराब परोसने के मामले में भी प्रशासन कार्रवाई करेगा। कलेक्टर मनीष सिंह दोनों बार का लाइसेंस निलंबित कर सकते हैं। आबकारी विभाग के जांच दल ने केस दर्ज करके फाइल उच्च अधिकारियों को भेजी है। उल्लेखनीय है कि दो-तीन मई की रात फोर फाक्स बार तय समय के बाद भी खुला पाया गया था। इस दौरान मारपीट की घटना भी हुई थी और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी।
रात 1.30 बजे परोसी जा रही थी शराब – बार में आबकारी विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची तो यहां रात 1.30 बजे भी शराब पीने और पिलाने का दौर जारी था। बार के संचालक संभव सक्सेना, संदीप शुक्ला और विक्रम बत्रा हैं। कलेक्टर ने बार का लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित किया था। बार में विवाद करने वाले इरफान अली उर्फ हैप्पी अली और रणवीर उर्फ रामन नेकिया के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई भी की गई थी। कलेक्टर ने आबकारी विभाग को सख़्त निर्देश दिए हैं कि इन्दौर में संचालित विभिन्न मदिरा दुकानों और बार में नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं। सभी पब और बार का संचालन आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा करना पाया गया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आबकारी अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि वे निगरानी बढाएं और नियमों का पालन सुनिश्चित कराएं।

