● एक नई गलती पर 19 ई-चालान सहित पुराना सारा हिसाब हुआ बराबर
पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन, महानगर इंदौर श्री महेश चंद जैन के निर्देशन में यातायात प्रबंधन पुलिस की सभी टीमों के द्वारा शहर भर में लगातार बेहतर यातायात प्रबंधन के साथ-साथ यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
“क्यूआरटी टीम-6” के प्रभारी निरीक्षक राम कुमार कोरी, आरक्षक अजय तोमर व टीम व्हाइट चर्च चौराहा पर यातायात प्रबंधन का कार्य कर रही थी, इसी दौरान गाड़ी क्रमांक MP 09-FA-7370 के चालक द्वारा हूटर बजाया गया, जिसे सुनकर निरीक्षक रामकुमार कौरी ने वाहन को तुरंत रुकवाया। कार चालक से जानकारी लेने पर पाया कि उक्त वाहन डाक विभाग से संचालित है। टीम ने गाड़ी के पूर्व में लंबित ई-चालानों की जानकारी यातायात प्रबंधन केंद्र से ली, तो पाया कि उक्त वाहन के द्वारा पूर्व में भी 19 बार रेड लाइट का उल्लंघन किया जा चुका है। वाहन चालक द्वारा मौके पर जुर्माना नहीं जमा करने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन से वाहन को जप्त कर यातायात थाना खड़ा किया गया। वाहन चालक नरेंद्र पिता हुकुमचंद के द्वारा यातायात थाना आकर अनाधिकृत हूटर के लिए जुर्माना 3,000 व पूर्व में लंबित सभी 19 ई-चालान का जुर्माना 9,500 सहित कुल 12,500 रुपये समन शुल्क जमा करने के पश्चात वाहन को छोड़ा गया।
कृपया जिम्मेदार नागरिक बनें, यातायात के नियमों का पालन कर, सावधानी पूर्वक वाहन चलाएं, स्वयं सुरक्षित रहें व दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

