
निरंजनपुर की नई लोहा मंडी के देवास रोड से जुड़े पहुंच मार्ग पर कुछ गुंडा तत्वों ने कब्जा कर शेड बना लिए हैं। मंगलवार को लोहा मंडी पहुंचे कलेक्टर मनीष सिंह को लोहा व्यापारियों ने यह समस्या बताई तो उन्होंने प्रशासन, आइडीए और नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर ही बुलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। बुधवार को निगम का दल पहुंच मार्ग से अवैध कब्जे हटाएगा।
दरअसल, यह पहुंच मार्ग करीब 100 फीट चौड़ा है। यहां शासकीय जमीन भी लगी हुई है। इस सीधे पहुंच मार्ग पर अवैध कब्जे होने से लोहा मंडी में आने वाले भारी वाहन निरंजनपुर चौराहे पर आकर फिर लोहा मंडी में प्रवेश करते हैं। इससे निरंजनपुर चौराहे पर भारी वाहनों के कारण अक्सर जाम लगता है। इससे मंडी में जाने वाले भारी और बड़े वाहनों को तो मुश्किल होती ही है, स्कूल, कालेज की बसें और सामान्य यातायात भी अवरुद्ध होता है। कलेक्टर ने कहा कि देवास रोड पर लसूड़िया थाने के पास से लोहा मंडी में जाने वाले सीधे पहुंच मार्ग के अवैध कब्जे हटा दिए जाएंगे तो भारी वाहन निरंजनपुर चौराहे पर न आकर सीधे लोहा मंडी में प्रवेश कर सकेंगे।
नई लोहा मंडी में पार्किंग की शुरुआत, उपयोग बदलने से इन्कार
निरंजनपुर स्थित नई लोहा मंडी में पार्किंग का लोकार्पण मंगलवार को कलेक्टर मनीष सिंह ने किया। इस दौरान लोहा व्यापारियों ने कलेक्टर से मांग की कि मंडी में लोहे के अलावा अन्य तरह के कारोबार की अनुमति भी दी जाए। हालांकि कलेक्टर ने व्यापार बदलने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया। इंदौर लोहा व्यापारी एसोसिएशन के मंत्री नंदकिशोर पंचोली ने घोषणा की थी कि मंडी में पार्किंग का उद्घाटन करने आइडीए अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा पहुंचेंगे। हालांकि आइडीए अध्यक्ष नहीं पहुंचे।

