ऑनलाइन खरीदी जहां एक सरल और सुविधा युक्त प्लेटफॉर्म बन चुका है, वहीं इसके गलत उपयोग भी सामने आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में एक मोबाइल व्यापारी पर राज्य साइबर पुलिस ने अपना शिकंजा कंसा है, व्यापारी ने 21 लाख रुपए कीमत के 68 मोबाइल की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। आरोपी द्वारा ग्राहक की अमेजॉन प्रीमियम आईडी हैक, कर इस धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया गया है।
ग़ौरतलब है कि राज्य साइबर पुलिस ने एक ऐसे धोखेबाज मोबाइल व्यापारी को शिकंजे में लिया है, जिसने एक ग्राहक की अमेजन प्रीमियम आईडी हैक कर उससे 21 लाख के 68 मोबाइल धोखे से बुलवा लिए। आरोपी ने इसके लिए फर्जी ईमेल आईडी और अलग-अलग पतों का इस्तेमाल किया था । मामले की शिकायत के बाद जांच हुई और साइबर पुलिस ने आरोपी दुकानदार से पूछताछ की है। साइबर सेल डीसीपी जितेंद्र सिंह रघुवंशी के अनुसार फरियादी अमित परवाल ने एक शिकायत की थी, जिसमें बताया था कि उसके मोबाइल पर डाउनलोड अमेज़न एप्लीकेशन से किसी ने 3 महीनों में 21 लाख के 68 मोबाइल की खरीदी कर ली है । तकनीकी टीम ने मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की और अमेजन यूजर आईडी की जानकारी अमेज़न से प्राप्त की। जिसमें दो संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए और मोबाइल नंबर की पड़ताल की गई तो वह प्रतीक लालवानी निवासी सिल्वर पैलेस कॉलोनी का निकला । आरोपी प्रतीक की जेल रोड पर प्रतीक मोबाइल के नाम से दुकान है। पूछताछ में उसने बताया कि फरियादी उसकी शॉप पर लोन पर मोबाइल खरीदने आया था। तब उसके अमेज़न आईडी की जानकारी उसने हैक कर ली थी। उसने अपने मोबाइल में उस आईडी को लॉग इन कर लिया और फरियादी की जानकारी के बिना 3 महीनों में अलग-अलग इस्तेमाल कर मोबाइल की खरीदी करने के बाद कस्टमर को बेच दिए।
