
विधायक संजय शुक्ला के साथ अयोध्या की यात्रा पर गए इंदौरी नागरिकों ने आज दिन भर अयोध्या में विभिन्न मंदिरों के दर्शन किए और उसके पश्चात राम कथा का श्रवण किया । देर शाम को यह सभी श्रद्धालु इंदौर के लिए रवाना हो गए ।
विधायक शुक्ला के द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र के हर वार्ड के 600 नागरिकों के जत्थे को अयोध्या की यात्रा कराने का ऐलान किया गया है । इस एलान के परिप्रेक्ष्य में सबसे पहले जत्थे के रूप में वार्ड क्रमांक 9 के नागरिक अयोध्या की यात्रा पर रवाना हुए थे । इन नागरिकों के द्वारा सोमवार को अयोध्या में विभिन्न मंदिरों के दर्शन किए गए । उसके पश्चात इन नागरिकों ने अयोध्या में ही साध्वी कथा वाचक प्रज्ञा जी के द्वारा की जा रही श्री राम कथा का श्रवण भी किया । इस कथा में साध्वी जी के द्वारा विधायक संजय शुक्ला और सभी नागरिकों को आशीर्वाद दिया गया । साध्वी जी ने पुण्य की इस यात्रा के आयोजन के लिए विधायक शुक्ला का सम्मान भी किया । इन श्रद्धालुओं के द्वारा शनिवार को ही राम लला की जन्मस्थली पर जाकर दर्शन कर लिए गए थे ।
विधायक संजय शुक्ला के द्वारा इन सभी नागरिकों के लिए जाने आने ठहरने खाने-पीने की जो व्यवस्था की गई उस व्यवस्था से इन नागरिकों को आनंद रहा । इसके साथ ही रामलला की नगरी अयोध्या में जाकर ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के कई मंदिरों के दर्शन करने का लाभ भी इन श्रद्धालुओं को मिला । आज देर शाम को यह सभी श्रद्धालु वापस इंदौर के लिए रवाना हो गए।
