
सांसद शंकर लालवानी और ज़िला प्रशासन की भोपाल में राज्य सरकार के साथ क्राइसिस मैनेजमेंट पर बैठक हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में इंदौर में कोरोना के हालात पर समीक्षा की गई और शहर को कैसे खोला जाए इस पर भी बात हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल देश को सम्बोन्धित करते हुए कहा था कि लॉकडाउन 4.0 के लिए वे राज्यों से बात कर रहे हैं और 18 मई से पहले इसकी घोषणा की जाएगी। इसी संदर्भ में इंदौर की स्थिति के बारे में भोपाल के अधिकारियों को अवगत कराया गया और कई सुझाव दिए गए। इन सुझावों को राज्य सरकार द्वारा आज ही पीएमओ भेज दिया जाएगा।
सांसद ने कहा कि इंदौर में मजदूरों, छात्रों और फंसे हुए लोगों के किए लंबी दूरी की ट्रेन चलाई जानी चाहिए। साथ ही इंदौर बाईपास से पैदल जा रहे मजदूरों की पीड़ा उठाई और राज्य सरकार से इस बारे में सहानुभूति से विचार करने के लिए कहा।
साथ ही सांसद ने प्राइवेट हॉस्पिटल्स के लिए गाइडलाइन जारी करने के लिए भी कहा। साथ ही लालवानी ने शहर को चरणबद्ध तरीके से कैसे खोला जाए इस पर भी बात की।
इस बैठक में डॉ निशांत खरे, डिवीज़नल कमिश्नर आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर मनीष सिंह, डीआईजी हरिनारायणचारी मिश्र, नगरनिगम कमिश्नर प्रतिभा पाल, सीईओ ज़िला पंचायत रोहन सक्सेना आदि अधिकारी उपस्थित थे।

