सांवेर में लगभग साढे पांच करोड रूपये की लागत से बनेगा सांवेर-गंवला ब्रिज, 20 गांवों के लाखों लोगों को होगा लाभ, सांवेर नगर परिषद के जाम से मिलेगी मुक्ति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदलसिंह कंषाना का माना आभार

जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधायक श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि सांवेर विधानसभा में नगर परिपद के समीप सांवेर गंवला मार्ग पर लगभग साढे पांच करोड़ रूपये की लागत से 90 मीटर लम्बा ब्रिज बनाया जाएगा, जिसकी प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इस बायपास ब्रिज के बनने से सांवेर नगर परिषद के हजारों लोगों एवं समीप में ग्राम गंवला, लक्ष्मणखेडी, उगमखेडी, कजलाना, राजोदा, अजनोद, कछालिया, मुकाता, पंचोला, चन्द्रावतीगंज सहित एक दर्जन से अधिक विभिन्न गांवों के लाखों लोगों को लाभ होगा।
मंत्री श्री सिलावट ने मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदलसिंह कंषाना का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस ब्रिज के निर्माण हो जाने से सिंहस्थ महापर्व 2028 में आने वाले करोडों श्रृद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधा होगी।
श्री सिलावट ने बताया कि म.प्र.राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) के अन्तर्गत किसान सडक निधि से एक छोर पर सडक का निर्माण किया जा चुका है, जबकि दूसरे छोर की निविदा की कार्यवाही प्रचलित है। दोनों छोर पर सडक एवं ब्रिज के निर्माण हो जाने से सांवेर निवासियों को शासकीय महाविद्यालय सांवेर के सामने से ट्रेचिंग ग्राउण्ड के पास से बायपास ब्रिज पर आगे की ओर आवागमन हेतु सुविधा मिलेगी और लाखों लोगों को लाभ होगा। सांवेर नगर परिषद में प्रतिदिन लगने वाले जामों से भी मुक्ति मिलेगी।
