इंदौर जिले में नवाचार के तहत तीन स्थानों पर आयोजित हुए राजस्व शिविर आयोजित- 220 प्रकरणों का मौके पर निराकरण
किसानों को तत्काल मिले आदेश एवं प्रमाणित दस्तावेज

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप आमजन को शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, सहज एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में इंदौर जिला प्रशासन द्वारा निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की पहल पर नागरिकों के राजस्व संबंधी कार्यों के त्वरित निराकरण एवं राजस्व अभिलेखों के अद्यतन के लिए राजस्व निरीक्षक वृत्तों में राजस्व शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज बुधवार को तीन स्थानों रंगवासा, लसुड़िया परमार और पिपल्याराव में विशेष राजस्व शिविर आयोजित किये गये। इन शिविरों में कुल 220 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इसी नवाचार के तहत बुधवार, 12 अगस्त को तहसील देपालपुर के ग्राम रंगवासा में राजस्व शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन एवं कृषकों को राजस्व संबंधी सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराते हुए कुल 77 प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया। शिविर में 47 नामांतरण, 4 बंटवारा एवं 5 नक्शा तरमीम प्रकरणों में तत्काल आदेश पारित किए गए। इन आदेशों का राजस्व अभिलेखों में तत्काल अमल करते हुए संबंधित कृषकों को आदेश एवं खसरे की प्रमाणित प्रतियां भी मौके पर उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा 21 सीमांकन प्रकरणों का भी सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।
इस पहल से किसानों एवं आम नागरिकों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। एक ही स्थान पर प्रकरणों की सुनवाई, आदेश पारित करने, अभिलेखों में अमल तथा प्रमाणित दस्तावेज उपलब्ध कराने की कार्रवाई से नागरिकों को त्वरित राहत मिली।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के इस नवाचार का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को सरल, सुलभ, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना तथा राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखना है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में ही नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देपालपुर श्री चरणजीत सिंह हुड्डा, तहसीलदार देपालपुर श्रीमती संगीता गोलिया, अपर तहसीलदार वृत्त रंगवासा श्री कुलदीप सिंह, अपर तहसीलदार बेटमा श्री महेंद्र गौड़, सभी हल्का पटवारी, ग्राम पंचायत रंगवासा के सरपंच, जनपद सदस्य, ग्राम के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।
टप्पा कार्यालय परिसर में किया पौधारोपण
राजस्व शिविर के उपरांत टप्पा कार्यालय गौतमपुरा परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं कृषकों से भी अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जनसेवा को गांव और नागरिक के द्वार तक पहुंचाने तथा शासकीय सेवाओं को त्वरित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में ऐसे राजस्व शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
लसुड़िया परमार में आयोजित हुआ राजस्व शिविर
सांवेर तहसील के टप्पा क्षिप्रा के गांव लसुडिया परमार में विशेष राजस्व जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं हितग्राही शामिल हुए। शिविर में नामांतरण के कुल 80 प्रकरण,बंटवारा के 05 प्रकरण,सीमांकन के 4,नक्शा तरमीम के 6,रास्ता विवाद के 3 प्रकरण सहित कुल 100 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया। ई-केवायसी, सीएम हेल्पलाइन के शिकायतकर्ताओं को बुलवा कर उनकी समस्याओं का निदान भी हाथो-हाथ किया गया। कृषकों को आदेश की प्रतियां एवं संशोधित खसरा उपलब्ध करवाए गए। गांव में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्रामीणों द्वारा अन्य विभागों से संबंधित आवेदनों को लिया जाकर संबंधित विभाग को भेजा गया।
पिपल्याराव राव में भी हुआ राजस्व शिविर
जूनी इंदौर के पिपल्याराव स्थित ग्राम पिपल्याराव में भी राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। राजस्व शिविर में करीब 170 किसान आमजन शामिल हुये। शिविर में इन्द्राज दुरूस्ती, नामांतरण, बंटवारा, बतांकन, सीमांकन, रास्ता विवाद के प्रकरणों की सुनवाई कर अंतिम आदेश पारित किया गया। 42 प्रकरणों का शिविर के दौरान ही अंतिम आदेश पारित किया गया। इस प्रकार कुल 43 प्रकरणों का शिविर में निराकरण कर आदेशों/खसरो की प्रति संबंधित कृषकों को प्रदान की गई। इनके अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं की सुना गया व सम्बंधित विभाग को दिशा निर्देश दिए गए । एक रास्ता विवाद के प्रकरण व 03 अवैध कब्जे के प्रकरण में स्थल निरीक्षण किया गया। सीएम. हेल्पलाईन शिकायतें संतुष्टि पूर्वक बंद करवाई गई। किसानों की ई.के.वाय.सी एवं फार्मेर रजिस्ट्री स्वीकृत की गई। रीजनल पार्क तालाब के कैचमेंट एरिया का निरिक्षण किया गया।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी घनश्याम धनगर, अतिरिक्त तहसीलदार श्री कमलेश कुशवाहा, नायब तहसीलदार श्री अशोक परमार, श्री सुनील हार्डिया एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


