राजस्व शिविरों में मौके पर मिल रहा न्याय, वर्षों से लंबित प्रकरणों का भी हो रहा समाधान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन संकल्प को इंदौर में मिल रहा प्रभावी स्वरूप

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के लिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप इंदौर जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल करते हुए राजस्व निरीक्षक वृत्त स्तर पर विशेष राजस्व जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव में ही राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा वर्षों से लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जिले की मल्हारगंज तहसील के ग्राम बांक, सांवेर तहसील के ग्राम धरमपुरी तथा महू में विशेष राजस्व जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। शिविरों में प्राप्त अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई।
शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता संबंधी विवाद, अभिलेखों में त्रुटि सुधार आदि के लगभग पौने चार सौ राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। ऐसे प्रकरण, जो विभिन्न कारणों से लंबे समय से लंबित थे, उन्हें भी विशेष प्राथमिकता देकर निराकृत किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक पात्र प्रकरण का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

महू में निराकृत हुए अनेक जटिल राजस्व मामले
महू में आयोजित शिविर में अपर कलेक्टर श्री रिकेंश वैश्य, एसडीएम श्री राकेश परमार और तहसीलदार श्री विवेक सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। शिविर में महू राजस्व निरीक्षक वृत्त में आयोजित इस शिविर में आमजन के राजस्व संबंधी प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया गया। शिविर के दौरान 185 नामांतरण, 16 सीमांकन, 1 बंटवारा तथा 7 बटांकन सहित कुल 209 राजस्व प्रकरणों का सकारात्मक निराकरण किया गया। महू के शिविर में जटिलताओं से भरे अनेक प्रकरण भी निराकृत हुए। इन प्रकरणों के निराकरण होने से आवेदकों के चेहरे पर संतुष्टि भरी खुशी देखी गई।
शिविर में एक ऐसा मामला निराकृत हुआ जो अनेक विसंगतियों और जटिलताओं से भरा हुआ था। अनेक कोशिशों के बाद भी उसके निराकरण में परेशानी थी। अधिकारियों ने आज इस मामले को विशेष प्राथमिकता से हल किया तथा श्री हरीश शुक्ला की जमीन का नामांतरण कर दिया। इस नामांतरण के होने हरीश शुक्ला के जीवन में नई खुशियां आयी।
इसी तरह महू तहसील निवासी श्री उमेश पाठक को भी राजस्व शिविर में त्वरित समाधान मिला। श्री उमेश पाठक ने बताया कि उनके खेत तक जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण होने के कारण वे पिछले तीन-चार वर्षों से परेशान थे। राजस्व शिविर में अपनी समस्या रखने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेत के रास्ते से अतिक्रमण हटवाया गया, जिससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया। श्री पाठक ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांवेर के धरमपुरी में भी लगा शिविर
आज तहसील सांवेर के राजस्व निरीक्षक वृत्त धरमपुरी स्थित राजस्व निरीक्षक कार्यालय में राजस्व जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व संबंधी प्रकरणों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण कर नागरिकों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई। शिविर में अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री हरिशंकर विश्वकर्मा, तहसीलदार श्रीमती पूनम तोमर, राजस्व निरीक्षक तथा समस्त पटवारी उपस्थित रहे। इस शिविर में 40 नामांतरण, 7 बंटवारा, 3 बटांकन, 4 सीमांकन, 1 बीपीएल, 12 फार्मर रजिस्ट्री, 1 त्रुटि सुधार, 9 जनसुनवाई तथा 8 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित कुल 85 से अधिक प्रकरणों का संतोषजनक निराकरण किया गया। संबंधित हितग्राहियों को नियमानुसार आदेश, आवश्यक दस्तावेज एवं अमल खसरे मौके पर ही वितरित किए गए। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने त्वरित निराकरण की व्यवस्था की सराहना करते हुए जिला प्रशासन के इस जनहितकारी प्रयास की प्रशंसा की। शिविर के दौरान अपर कलेक्टर श्री रोशन राय एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री हरिशंकर विश्वकर्मा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया।

ग्राम बांक में भी हाथों-हाथ किया गया समस्याओं का त्वरित निराकरण
आज मल्हारगंज तहसील के ग्राम बांक में भी शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सुश्री निधि वर्मा, तहसीलदार श्री शेखर चौधरी तथा श्री लोकेश आहुजा सहित अन्य राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया तथा पात्र प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया। बांक ग्राम में आयोजित शिविर में 22 नामांतरण, 8 सीमांकन, बंटवारा, बटांकन, 4 ईकेवायसी, 28 फार्मर रजिस्ट्री, ईडब्ल्यूएस के 7 प्रमाणपत्र, 5 जन्म प्रमाणपत्र और एक मृत्यु सहित कुल 75 से अधिक प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया।
जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन को सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। इन शिविरों से आमजन को अपने गांव में ही राजस्व सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

