पिकअप खींचकर ले गई सीबीएन की टीम !
रील पर ‘सस्ता दहेज’ गोदाम में ‘डोडाचूरा’…!

श्री सांवरिया फ़र्नीचर के वीपी सिंह के ठिकानों
पर दो दिन तक ताबड़तोड़ रेड से मचा हड़कंप
मध्यप्रदेश के नीमच में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) नीमच की टीम ने ‘श्री साँवरिया फ़र्नीचर’ के संचालक वीपी सिंह के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। 30 जुलाई से शुरू हुई यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन (31 जुलाई) भी जारी रही! पिकअप को भी खींचकर ले गए!
ट्रैक्टर से खींचकर ले जानी पड़ी पिकअप, कुएं पर भी दबिश:-
30 जुलाई को सीबीएन की टीम ने राबड़िया गांव स्थित वीपी सिंह के विशाल फर्नीचर गोदाम और कारखाने पर अचानक धावा बोला। सूत्र बताते हैं कि छापेमारी के दौरान मौके पर राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र से जुड़े कई संदिग्ध लोग मौजूद मिले, जिन्हें सीबीएन ने हिरासत में लिया है।
कार्रवाई के दौरान जब जब्त की जाने वाली एक पिकअप गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई, तो सीबीएन की टीम उसे ट्रेक्टर से खींचकर सीबीएन दफ्तर लेकर पहुंची।
दूसरे दिन 31 जुलाई 2026 को भी सीबीएन की टीमें एक्टिव मोड में रहीं और गांव स्थित खेत तथा कुएं के आसपास गहन जांच पड़ताल की।
सूत्रों के मुताबिक, गोदाम से भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा बरामद होने की खबर है। इधर लाखों रुपए में मामला “सेट” (कथित तोड़बट्टे) की बाते भी चर्चा में है, इसमें कितनी सच्चाई है यह कहा नहीं जा सकता है!
सीबीएन रेड और आया वीपी सिंह;-
जीरन क्षेत्र के गांव केरी का निवासी वीपी सिंह पिछले कुछ ही सालों में अचानक धनकुबेर बनकर उभरा था।
नीमच महिला थाने के पास एक छोटे से टीन शेड में फर्नीचर की दुकान से शुरुआत करने वाले वीपी सिंह ने करीब डेढ़ माह पहले महू रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास करोड़ों का भव्य फर्नीचर शोरूम खोला था।
सर्विलांस पर थे मोबाइल नंबर: –
अचानक हुई इस अकूत कमाई ने सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान खींचा। डेढ़ महीने पहले नया शोरूम खुलते ही सीबीएन अलर्ट हो गई और उसकी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाने लगी। वीपी सिंह के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर डाला गया था।
बड़ी खेप की आवाजाही का ठोस इनपुट मिला, सीबीएन की टीम ने चारों तरफ से घेरकर छापेमारी कर दी।
वीपी सिंह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लगातार एक्टिव रहता है। वह ‘सस्ते दामों में दहेज सामग्री और फर्नीचर’ बेचने के बड़े-बड़े दावे करके ग्राहकों को आकर्षित करता है। सीबीएन की रेड के बाद कई सवाल खड़े हो रहे!
फिलहाल सीबीएन की इस कार्रवाई से वीपी सिंह के पैतृक गांव केरी और नीमच के व्यापारिक हलकों में भारी खलबली मची हुई है।

