अभियान की तैयारियां समय पर पूर्ण करने और प्रभावी आयोजन के लिए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने दिए निर्देश
टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, अवैध कॉलोनियों, फायर सेफ्टी की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुरूप इंदौर जिले में आमजन की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 7 अगस्त से प्रारंभ होकर आगामी 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत जमीनी स्तर पर पहुँचकर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों तथा लोकसेवाओं की मॉनिटरिंग भी की जाएगी। यह जानकारी कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई समय-सीमा के पत्रों (टीएल) के निराकरण की समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, आगामी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई, फायर सेफ्टी की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रिंकेश वैश्य तथा श्री रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इस शुक्रवार 7 अगस्त से प्रदेशभर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रारंभ हो रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभाग पूरी तैयारी सुनिश्चित करें। प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करे, रोस्टर बनाए तथा शिविरों के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में संबंधित क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का प्रभावी निराकरण किया जाए। साथ ही शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान आयोजित होने वाले संवाद कार्यक्रमों की तैयारियां भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों एवं उद्यमियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
टीएल बैठक में लंबित समय-सीमा के पत्रों, जनसुनवाई के प्रकरणों तथा सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी विभागों को प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही नगर निगम द्वारा भवनों में अवैध बेसमेंट पार्किंग एवं फायर सेफ्टी मानकों के पालन के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन भवनों में अभी तक आवश्यक सुरक्षा कार्य शेष हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े सभी कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

