
पलासिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने छात्रा से मोबाइल लूट लिया। छात्रा ने खुद लोगों की मदद से सीसीटीवी फुटेज निकाले और गुरुवार को केस दर्ज करवाया। घटना के बाद छात्रा की तबीयत खराब हो गई थी। पुलिस ने भी आवेदन लेकर रख लिया था। घटना सीपी कार्यालय से थोड़ी दूरी की है। दिलपसंद नगर कालोनी सिवनी निवासी प्रत्यंचा बीएल अमरोदिया तिरुपति गर्ल होस्टल पलासिया में रहती है। वह नीट की पढ़ाई कर रही है। 19 सितंबर को रात करीब पौने नौ बजे गीता भवन से वह पैदल पलासिया की तरफ आ रही थी। जैसे ही हनुमान मंदिर के पास पहुंची बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर फोन छीन लिया। छात्रा ने लोगों से मदद भी मांगी।
कुछ दूरी तक पीछा भी किया लेकिन आरोपित पलासिया की तरफ भाग गए। घटना के बाद छात्रा की तबीयत खराब हो गई। उसने लिखित आवेदन दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को परिचित के माध्यम से दोबारा थाने पहुंची और पुलिस को फुटेज दिखाए। गुरुवार रात पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया।
