
- हिंदू संगठन ने किया जमकर हंगामा, नगर निगम ने भी जारी किया नोटिस।
इंदौर। शहर में महिलाओं के साथ आए दिन छेड़छाड़ के मामले सामने आ रहे हैं। सयोगितागंज थाना क्षेत्र में धर्म विशेष के जिम संचालक द्वारा डाक्टर की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई है। इसमें पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। सूचना के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी जिम के बाहर पहुंचे और उन्होंने वहां जमकर हंगामा करते हुए जिम के बाहर लगे पोस्टर भी फाड़ दिए। हंगामा बढ़ते देख पुलिस भी मौके पह पहुंची और मामला शांत करवाया।
यह घटना उषागंज स्थित ए फीट जोन जिम में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपित ने छात्रा का एक बार हाथ भी पकड़ लिया था, जिसके बाद वह भाई के माध्यम से हिंदू संगठन के पास पहुंची। बजरंग दल के प्रवीण बेडेकर ने बताया कि घटना एक माह पुरानी है। यावर नाम का युवक छेड़छाड़ कर रहा था। वह यहां का मालिक भी है और ट्रेनर भी है। वह उसे लगातार परेशान करते रहा था, मोबाइल पर अश्लील मैसेज कर रहा था।
तीन आरोपितों पर केस दर्ज
जिम में सभी कर्मचारी भी धर्म विशेष के ही हैं। छात्रा डरी हुई है, हमारे संपर्क में आने के बाद हम यहां आए। इंदौर में अधिकांश जिम में धर्म विशेष के लोगों को ही ट्रेनर रखा है। पुलिस के मुताबिक, उषागंज क्षेत्र में एक जिम है। यहां एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपित यावर, अलिश खान और शाहनवाज खान के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
निगम कर सकता है जिम तोड़ने की कार्रवाई
एमआइसी सदस्य मनीष शर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से भी एक नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में जिस भवन में जिम संचालित हो रहा है, उसके दस्तावेज तीन दिन में प्रस्तुत करने की बात कही गई है। यदि दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

