
भूमाफिया चंपू, योगिता अजमेरा के खिलाफ हाई कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी मंगलवार को भी सेटेलाइट हिल्स कालोनी मामले में शिकायतों पर सुनवाई करेगी। कमेटी ने शिकायतकर्ताओं से छह प्रतियों में शिकायत और दस्तावेज लाने को कहा है। सोमवार को पहले दिन 21 शिकायतें कमेटी के पास पहुंची थी। उम्मीद है कि मंगलवार को यह संख्या दोगुनी हो जाएगी।
सोमवार की कमेटी तक पहुंची शिकायतों में ज्यादातर शिकायतकर्ताओं का कहना था कि भूमाफिया ने किसी दूसरे की जमीन को अपनी बताकर नक्शा पास करवा लिया है। अब जब जमीन ही आरोपितों की नहीं है तो फिर पीड़ितों को उस पर प्लाट कैसे मिलेंगे। कमेटी ने सभी शिकायतकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि कमेटी सभी आरोपितों को एक साथ बैठाकर सुनेगी ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। कमेटी को 21 जून से पहले अपनी रिपोर्ट हाई कोर्ट में प्रस्तुत करना है।
गौरतलब है कि भूमाफिया चंपू अजमेरा, चिराग शाह और अन्य के खिलाफ हाई कोर्ट में सवा सौ के लगभग याचिकाएं लंबित हैं। इन याचिकाओं के निराकरण के उद्देश्य से ही हाई कोर्ट ने रिटायर जज आइएस श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक हाई पावर कमेटी गठित की है। इस कमेटी में एडीएम अभय बेडेकर और चारों जोन के एसीपी शामिल हैं। कमेटी अब तक कालिंदी गोल्ड और फीनिक्स टाउनशिप मामले में सुनवाई पूरी कर चुकी है।
सोमवार से ही कमेटी ने सेटेलाइट हिल्स कालोनी मामले में सुनवाई शुरू की है। यह 26 मई तक जारी रहेगी। इसके बाद कमेटी एक समग्र रिपोर्ट बनाकर हाई कोर्ट में प्रस्तुत कर देगी। हाई कोर्ट को ही तय करना है कि आरोपितों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत यथावत रहेगी या निरस्त होगी। प्रशासन ने पूर्व में जमानत निरस्त करने के लिए आवेदन दिया था।
