
इंदौर की कनाड़िया पुलिस ने 24 साल की शादीशुदा युवती की शिकायत पर उसकी मां के दोस्त के खिलाफ छेड़छाड़, इंस्टाग्राम पर फर्जी पोस्ट करने और धर्म परिवर्तन को लेकर दबाव बनाने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का युवती की मां के घर पर आना-जाना था। इसके चलते उसने संबंध बनाने का दबाव बनाया और अपनी मांग मनवाने के लिए धमकाता रहा।
कनाड़िया पुलिस के मुताबिक बिचौली मर्दाना में रहने वाली युवती की शिकायत पर रहीम पुत्र सहराज खान, निवासी पानी की टंकी, बड़ला नगर खजराना के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। युवती के मुताबिक उसकी मां साईनाथ कॉलोनी में रहती है। 2019 से मां की आरोपी से पहचान है। 23 अक्टूबर 2023 को उसकी बहन का बर्थडे था, तो वह सांईनाथ कॉलोनी पहुंची। यहां रहीम खान भी आया था, जो चार्जिंग पर लगा हुआ युवती का मोबाइल लेकर चला गया। पीड़िता के पति ने जब मोबाइल मांगा तो उन्हें धमकी देकर चला गया। इसके बाद अगले दिन इंस्टाग्राम आईडी पर उसने मां का फोटो अपलोड किया। जिस पर अश्लील पोस्ट भी की। छह से सात दिन तक लगातार फोटो अपलोड करते हुए उस पर अलग-अलग कमेंट किए। इससे मां की बहुत बेइज्जती हुई। इसके बाद से लगातार समाज में गलत मैसेज जा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस को बताई प्रताड़ना की पूरी कहानी…
पीड़िता ने बताया कि, रहीम खान मुझ पर संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा है। उसका कहना है कि तुम पति से तलाक ले लो में तलाक करवा दूंगा। तुम मेरे साथ रहो। हमारे धर्म में 3 से 4 शादी कर सकते हैं। उसका कहना है कि तू मुझ से शादी कर ले। वह लगातार धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बना रहा है। मेरी छोटी बहन 12 साल की है। जिस पर भी रहीम खान मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा है। बहन ने बातचीत में बताया कि रहीम उससे अपने धर्म का फ़ातिहा-सिफरा दबाव पूर्वक पढ़ वाता है। रहीम उस पर भी बुरी नीयत रखता है। दो-तीन बार बुरी नीयत से हाथ पकड़ा चुका है। मेरी बहन के धर्म परिवर्तन की कोशिश कर रहा है। मोबाइल मांगने पर लगातार धमकी दे रहा है। 4 नवंबर 2023 को भी मेरी इंस्टाग्राम आईडी पर उसने मेरा फोटो डाला और मुझे सेक्स वर्कर बताकर सामाजिक रूप से बदनाम किया। मामले में काफी परेशान होने के बाद पुलिस में आकर शिकायत की।
