
इंदौर की भंवरकुआं पुलिस ने सीरियल चाकूबाजी की वारदात करने वाले तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि उसने खुद ही चंदन नगर थाने पर सरेंडर कर दिया था। इसके बाद मंगलवार शाम पुलिस की टीम उसे लेकर भंवरकुआ आ गई। इस मामले में सोमवार देर रात ही भंवरकुआ पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया था। आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर वाइन शॉप पर बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने शहर में आतंक मचाने की प्लानिंग की
एडिशनल डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा की टीम ने चंदन नगर थाने से तीसरे आरोपी असलाज को भी हिरासत में लिया है। उसी से चाकू भी जब्त किया गया है। इसके पहले टीम अहमद और अरूण को पकड़ चुकी है। पकड़ाए आरोपियों में अहमद का आपराधिक रिकार्ड है। वह कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा है। जबकि बाकी दोनों बदमाशों का यह पहला ही अपराध है। असलाज चंदन नगर पुलिस का मुकबिर है। उसके घर पुलिस पहुंची जिसमें उसे थाने बुलाया गया। फुटेज में अहमद की ही सबसे पहले पहचान सामने आई थी।
एडिशनल खुद जाकर बैठे थाने, तीन घंटे की मेहनत के बाद मिला क्लू
जानकारी के मुताबिक एडिशनल डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा रात में एसीपी नीति दंडोतिया को साथ लेकर थाने पर लगातार मोबाइल नंबर के आधार पर ट्रेसिंग करते रहे। चाकूबाजी की पुरानी वारदातों में शामिल बदमाशों की जानकारी निकालते रहे। इसी बीच चंदन नगर थाने की खुफिया के पास फुटेज पहुंचे। यहां उन्होंने अहमद की पहचान की। बाद में टीम उसके घर पहुंची तो वह मिल गया। उसने चाकूबाजी की वारदात कबूल की। वहीं साथी अरूण का नाम भी बताया। अभी आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ चल रही है।
वाइन शॉप से निकले और किया हमला
पकड़ाए आरोपी काफी देर तक ट्रांसपोर्ट नगर वाइन शॉप पर बैठे हुए थे। यहां पर उन्होंने शहर में आतंक मचाने की प्लानिंग की। जब उन्होंने आदर्श पर चाकू से वार किया तो एक बार में उस चोट नहीं लगी। आदर्श कुछ समझ भी नहीं पाया। आरोपी थोड़ा आगे जाकर वापस पलट कर आए और फिर से आदर्श को चाकू मारा। इसके बाद उन्होंने रॉन्ग साइड से माणिक बाग ब्रिज पर गाड़ी डाल दी। यहां खुलेआम चाकू लहराते रहे। यहां पर DAVV के लेक्चरर उन्हें पैदल टहलते हुए दिखे। उनकी भी पीठ पर चलती बाइक से चाकू मार दिया और वहां से अन्नपूर्णा इलाके से होकर चंदन नगर में चले गए।

