
इंदौर के लसूड़िया में रहने वाली एक 12 साल की लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार शाम को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी थी। उसे घबराहट और सीने में दर्द हो रहा था। उसकी मां उसे पहले नजदीक के एक डॉक्टर के पास लेकर पहुंची। डॉक्टर ने उन्हें एमवाय भेजा। यहां लड़की की मौत हो गई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आज (मंगलवार) पोस्ट मार्टम कराएगी।
लसूड़िया पुलिस के मुताबिक ओमेक्स सिटी-1 में रहने वाली अंजलि पुत्री जगदीश लश्करी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां बबीता उसे लेकर एमवाय पहुंची थी। बबीता ने बताया कि उसे घबराहट हो रही थी। काम से आने के बाद उसे अस्पताल लेकर गई। यहां कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
बबीता मेड का काम करती है। उसकी तीन बेटियां थीं, इनमें अंजलि सबसे छोटी थी। बबीता के पति की मौत हो चुकी। घटना के समय उसकी दो बहनें भी घर पर ही थीं। पुलिस का कहना है कि अभी मामला जांच में लिया गया है।
