
इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की चौथी मंजिल से गिरने के कारण एक कारीगर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पानी चढ़ाने के लिए गया था, तभी पैर फिसलने से नीचे गिर गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लसूडिया पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राधू (31) पुत्र मौजीराम बंजारा, निवासी राहुल गांधी नगर के रूप में हुई है। वह स्कीम नंबर 136 में बन रहे एक मकान की चौथी मंजिल पर रविवार शाम करीब 6 बजे टंकी पर पानी चढ़ाने गया था। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।
राधू अपने भाई राधेश्याम के साथ ठेकेदारी का काम कर रहा था। जिस मकान में हादसा हुआ, वह कबीर नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। राधू और उसके भाइयों ने इस मकान का ठेका लिया था।
पुलिस के मुताबिक, राधू के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। परिवार मूल रूप से खरगोन का रहने वाला है और इंदौर में मकान निर्माण से जुड़ा हुआ था। राधू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
