
इंदौर में एक नया खौफ चर्चा में है। एक्सीडेंट का आरोप लगाकर लोगों को लूटने वाली ठक-ठक गैंग सक्रिय है। गैंग के बदमाश बायपास, भंडारी रिसोर्ट, मूसाखेड़ी, स्कीम-140, बंगाली चौराहा, रोबोट चौराहा, एरोड्रम और सुपर कॉरिडोर इलाके में सक्रिय हैं। ये कार से अकेले गुजरने वाले लोगों से कहते हैं कि तुमने एक्सीडेंट कर दिया है। इनका एक साथी घायल हालत में कार चालक के आसपास गिर जाता है फिर गैंग के अन्य बदमाश आम लोगों की तरह भीड़ जुटाकर घेराव कर लेते हैं। इसके बाद कार चालक पर रुपए देने का दबाव बनाया जाता है। किसी से 500 रुपए तो किसी से 2 हजार ले लेकर 5 हजार तक वसूल रहे हैं। गैंग 1 महीने से सक्रिय है। करीब एक दर्जन लोग इसका शिकार हुए हैं।
सोशल मीडिया पर 12 पीड़ित आए सामने
इस गैंग का शिकार हुए आईटी एक्सपर्ट शावेज शेख ने बताया कि 23 अक्टूबर शाम 6.30 बजे उन्हें भी कार में अकेला देख रोका और पैर पर गाड़ी चढ़ाने की नौटंकी कर बदमाश ने उसके साथी के साथ धमकाया। कार का कांच खोला तो वे मेरा मोबाइल झपटने लगे। इस पर मैं वहां से कार दौड़ाकर ले गया। ये ठक-ठक गैंग है।
जो अकेले कार चालकों को ऐसे टारगेट करती है। घटना को लेकर मैंने सोशल मीडिया पर अलर्ट स्टेटस डाला तो 12 लोगों ने ऐसी घटना का शिकार होना बताया।
कार चढ़ा देने का बोलकर 2 हजार लिए
निजी कंपनी में काम करने वाले तरुण शर्मा ने बताया 11 नवंबर को कनाड़िया बायपास पर मैं कार से अंडरपास से गुजर रहा था। तभी पीछे से आवाज आई, देखा एक युवक रोता हुआ आया और बोला कि आपने मेरे पैर पर कार चढ़ा दी है। इसके बाद मुझसे 2 हजार रुपए लूट दिए। वहीं, बिल्डर आशीष अग्रवाल ने बताया वे स्कीम-140 के पास से गुजर रहे थे।
टर्न पर अचानक कार में पीछे से टक्कर की आवाज आई। मैं जैसे ही रुका तो एक युवक पड़ा चीख रहा था। उन्होंने 1 हजार रुपए ले लिए।
इस तरह की शिकायतें मिली हैं, जल्द एक्शन लेंगे
लोगों को रोककर रुपए मांगने की जानकारी हमें भी मिली है। किसी ने इसकी रिपोर्ट नहीं की। यदि ऐसी कोई गैंग सक्रिय है तो हम जोन के सभी थानों की टीम को सक्रिय कर इन पर कार्रवाई करेंगे। यदि किसी के साथ ऐसी घटना हुई है तो वह भी सीधे संपर्क कर जानकारी दे सकता है। – अभिनय विश्वकर्मा, डीसीपी -2
