
- व्यापारी ने डंडे के बल पर मजदूर से चोरी कबूलाई और वीडियो बना लिया। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
- पीड़ित पहले आरोपित व्यापारी की दुकान पर ही काम करता था।
- आरोपितों ने मसाले की 15 पेटी चुराने का आरोप लगाया।
- परिवार वालों ने चोट के निशान देख थाने में जाकर शिकायत की।
इंदौर। सियागंज के व्यापारी ने मजदूर का अपहरण कर लिया। उसने उसे बंधक बनाकर रातभर पीटा। डंडे के बल पर चोरी कबूलाई और वीडियो बना लिया। व्यापारी के चंगुल से छूटने के बाद मजदूर पत्नी के साथ थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस ने व्यापारी सहित छह लोगों पर अपहरण, मारपीट और बंधक बनाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के मुताबिक, राजपाल यादव निवासी भागीरथपुरा की शिकायत पर युवराज राजानी, उसके पिता शंकर राजानी निवासी अर्सना वैन्यू पागनीसपागा, इंद्रपाल उर्फ इंदल राजपूत निवासी बिचौली मर्दाना, सुमित निवासी सिंधी कालोनी, देवेंद्र निवासी शंकरबाग और राहुल निवासी लोहा मंडी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
गाड़ी खाली कराने के बहाने से गोदाम पर ले गए
आरोपित युवराज उर्फ बाबू सेठ राजानी की सियागंज में वाहे गुरु के नाम से थोक की दुकान है। राजपाल पहले उसकी दुकान पर काम करता था। उसका आरोप है कि 27 दिसंबर को इंदल राजपूत गाड़ी खाली कराने के बहाने उसे पालदा स्थित बाबू सेठ के गोदाम पर ले गया। वहां बाबू सेठ ने अन्य आरोपितों की मदद से बंधक बना लिया। आरोपितों ने बेल्ट और डंडे से पिटाई की और मसाले की 15 पेटी चुराने का आरोप लगाया। रात दो बजे तक उसकी बेरहमी से पिटाई की और उससे जबरन चोरी कबूल करवाई। बाबू सेठ ने इसका वीडियो भी बना लिया।
रिपोर्ट करने पर दी जान से मारने की धमकी
बाबू सेठ उसे घर ले गया और पिता शंकर को भी यह बात बताई। शंकर और बाबू ने राजपाल के कपड़े बदलवाए। बाद में उसके भाई रामनरेश और कृष्णपाल को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया। आरोप है कि उन्हें रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी। राजपाल के शरीर की चोट देख स्वजन थाने पहुंचे और शुक्रवार को सभी आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी। थाना प्रभारी के मुताबिक, एक आरोपित इंदल को हिरासत में ले लिया है।
