
बीते कुछ वर्षों में शहर में बड़े पैमाने पर सड़कों का चौड़ीकरण हुआ है। चौड़ीकरण करने के पीछे नगर निगम की मंशा थी कि इससे शहर का यातायात सुगम होगा और हादसों पर भी नियंत्रण होगा। मगर ऐसा लगता है कि नगर निगम की इस मंशा को मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी पलीता लगाने पर तुली हुई है। निगम द्वारा चौड़ी की गई कई सड़कों के बीच में अब भी बिजली के पोल सीना तानकर खड़े हुए हैं। सड़क के बीच में खड़े ये बिजली पोल न सिर्फ यातायात को बाधित करते हैं, बल्कि कई बार हादसे का सबब भी बनते हैं। छोटे-छोटे कामों को लेकर आम उपभोक्ता को परेशान करने वाली बिजली कंपनी को लोगों की यह बड़ी परेशानी नजर नहीं आ रही। हाथीपाला, मालवा मिल, जूनी इंदौर जैसे इलाकों में खड़े बिजली के पोल बिजली कंपनी की पोल खोल रहे हैं।
