
नगर निगम दो वर्ष से यहां रहने वालों को नोटिस जारी कर रहा था लेकिन रहवासी मकान खाली नहीं कर रहे थे
नगर निगम ने सोमवार को जोन 6 के वार्ड 26 स्थित एक मकान को जमींदोज कर दिया। इसमें 21 परिवार रह रहे थे। नगर निगम दो वर्ष से यहां रहने वालों को नोटिस जारी कर रहा था लेकिन रहवासी मकान खाली नहीं कर रहे थे। सोमवार को नगर निगम का अमला यहां पहुंचा और मकान को गिरा दिया। इस दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी किए गए थे।
जिस मकान को सोमवार को गिराया गया वह 468 बेकरी वाली गली पाटनीपुरा में था। दो मंजिला यह मकान दशकों पुराना था और जर्जर हो चुका था। इसमें रहने वाले परिवारों को कुछ दिन पहले भी जनसुरक्षा की दृष्टि से नोटिस जारी किए गए थे। सोमवार को इन परिवारों ने सहयोग किया। कार्रवाही के दौरान उपायुक्त लता अग्रवाल, भवन अधिकारी पीएस कुशवाह, भवन निरीक्षक शैलेन्द्र मिश्रा, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे आदि उपस्थित थे।
साप्ताहिक अवकाश होने से नहीं लगा जाम
सोमवार को मिल क्षेत्र में साप्ताहिक अवकाश रहता है। यही वजह थी कि निगम ने कार्रवाई के लिए सोमवार का दिन चुना। अवकाश का दिन होने की वजह से कार्रवाई आसानी से की जा सकी। साप्ताहिक अवकाश होने के कारण क्षेत्र की दुकानें बंद थी, जिस कारण जाम नहीं लगा।
