
राजेंद्र नगर में डेढ़ साल से एक गैंग बाइक चुरा रही है, लेकिन पुलिस किसी को पकड़ नहीं पा रही
एक मंदिर में चोरी का मामला पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में पहुंचा। आरोप लगाया गया कि यहां लाखों की चोरी हुई, लेकिन पुलिस रिपोर्ट नहीं लिख रही। वहीं, एक फरियादी ने बताया कि राजेंद्र नगर में डेढ़ साल से एक गैंग बाइक चुरा रही है, लेकिन पुलिस किसी को पकड़ नहीं पा रही।
ऐसे 42 से ज्यादा मामले मंगलवार को आए। स्वामी दयालदास ने पुलिस कंट्रोल रूम में कमिश्नर मकरंद देउस्कर को बताया कि उनके पिता का खंडवा रोड पर स्वामी प्रीतमदास मंदिर है। वहां की दानपेटी से सेवादारों ने लाखों रुपए चुराए हैं। बार-बार शिकायत करने पर भी भंवरकुआं पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।
डेढ़ साल से एक ही गैंग चुरा रही बाइक
राजेंद्र नगर के प्रकाश राजदेव ने आरोप लगाया कि डेढ़ साल पहले उनकी बाइक चोरी हो गई थी, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। अभी अभिषेक पाटीदार की पौने चार लाख की बाइक चोरी हो गई। फुटेज देखे तो पता चला यह वही डेढ़ साल पुरानी गैंग है। पुलिस अभी तक गैंग पकड़ नहीं पाई है। देउस्कर ने कहा उनके सामने 42 शिकायतें आई हैं। शिकायतें संबंधित अफसरों को हैंडओवर कर दी हैं। अवैध कब्जे, धोखाधड़ी जैसी शिकायतों में जांच के आदेश दिए हैं।
