
ओद्योगिक नगरी पीथमपुर के सेक्टर 1 थाना के अंतर्गत आने वाले संजय जलाशय में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। एएसआई सैय्यद अहमद ने जानकारी में बताया कि सुबह करीब 8 बजे तालाब में लाश दिखाई देने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय नागरिकों और गोताखोर की मदद से लाश को निकाला।
मृतक की पहचान कुणाल पिता कैलाश (17) निवासी सत्य साई काॅलोनी पीथमपुर के रूप में हुई। कुणाल के पिता ने दो दिन पहले ही सेक्टर 1 थाने पर कुणाल के गुमशुदा होने की सूचना दी थी। कुणाल के कपड़े किनारे पड़े मिले, इससे ऐसा प्रतीत होता है कि कुणाल नहाने के लिए तालाब में उतरा होगा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र भिजवाया गया है।
