
इंदौर में शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक तीन जगह आगजनी की घटना हो गई। सुबह परदेशीपुरा इलाके में एक साथ तीन दुकानें जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड ने यहां पहुंचकर आग पर काबू किया। दूसरी घटना शनिवार रात में ही पलासिया इलाके में हुई। यहां भी फर्नीचर की एक दुकान पूरी तरह जल गई।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक भंडारी ब्रिज के पास सुबह करीब साढ़े सात बजे डीपी के पास बनी दुकानों में आग की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की गाड़ियों को रवाना किया गया। यहां विजय नानेरिया की फर्नीचर की दुकान, शफीक आजम की रूई की दुकान और मोहम्मद अंसार की पुरानी फर्नीचर की दुकान पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। फायर ब्रिगेड के मुताबिक यहां दो घंटे में करीब 20 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू किया गया। फायर ब्रिगेड के मुताबिक संभवत: शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की बात सामने आई है।
एलआईजी रिंगरोड पर भी जली दुकान
एलआईजी रिंगरोड पर भी शनिवार रात में आग की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीमें रवाना हुई। यहां आग आसीफ पुत्र मोहम्मद इदरिस की फर्नीचर की दुकान में आग लगी थी। रात में सूचना मिलने पर जेसीबी को बुलाकर शटर तोड़ा गया। आग से यहां रखा फर्नीचर और उसे बनाने का सामान जल गया।
