
मांगलिया में शनिवार को एक फार्मा कंपनी के पीछे रेलवे ट्रैक के पास मिले 13 वर्षीय बालिका के शव की शिनाख्त हो गई है। 7वीं कक्षा की यह छात्रा पीथमपुर की रहने वाली थी। उसे कोई अगवाकर यहां लेकर आया। पत्थर से सिर पर हमला किया और गला दबाकर मार दिया। छात्रा से दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि करने की बात कही है।
शिप्रा टीआई जगदीश महोबिया ने बताया कि बालिका 22 मार्च को घर से शाम 4. 22 बजे ट्यूशन के लिए निकली थी। बाद में घर नहीं लौटी। आशंका है कि कोई उसका अपहरण कर मांगलिया तक ले गया और सुनसान मैदान में हत्या कर दी। खून से सना पत्थर भी घटना स्थल से मिला है। उसके गले पर चोट के निशान हैं। दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमॉर्टम के बाद होगी। पुलिस को घर से निकलने के दौरान के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, लेकिन छात्रा उसमें अकेली जाते दिख रही है। पिता पीथमपुर की निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने 23 मार्च को बेटी की गुमशुदगी पीथमपुर सेक्टर 1 थाने में दर्ज करवाई थी। बालिका के पिता ने बताया कि मूलतः उनका परिवार यूपी के मैनपुरी जिले का रहने वाला है। कुछ समय पूर्व ही काम के लिए पीथमपुर में आकर रहने लगे थे।
तीन नाबालिगों से पूछताछ की, किसी परिचित पर आशंका
घटना को लेकर पुलिस को छात्रा से जुड़े तीन नाबालिग बालकों की जानकारी मिली है। पुलिस ने उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की और छोड़ दिया। आशंका है कि छात्रा को कोई परिचित बहला फुसलाकर या अपहरण कर ले गया। जहां उसका शव मिला पुलिस को वहां शराब की बोतलें भी मिली हैं, इसलिए मामला दुष्कर्म का लग रहा है।
