
इंदौर के सुपर कारिडोर पर क्राइम ब्रांच ने चार बदमाशों को पकड़ा, आरोपितों से 40 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त।
क्राइम ब्रांच ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से ब्राउन शुगर बरामद हुई है। इन्होंने तस्करी का नया तरीका इजाद किया था। ब्राउन शुगर की पुड़ियां चप्पलों में छुपा कर लाते थे। चारों को बाणगंगा पुलिस के सुपुर्द किया गया है। जब्त ब्राउन शुगर की कीमत लाखों रुपये बताई है।
अपराध शाखा के डीसीपी निमिष अग्रवाल के मुताबिक, खबर मिली थी कि सुपर कॉरिडोर पर मादक पदार्थों की डील चल रही है। हुलिया और स्थान के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर आरोपित गोलू उर्फ राजेश सिसोदिया, गोलू उर्फ अमन भरतले, आशीष गोस्वामी और अजय चौहान को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपितों के पास से कुछ नहीं मिला। पुलिस ने कपड़ों और जूते-चप्पलों की जांच की तो पता चला कि चप्पल में ब्लेड से काट कर पुड़िया छुपा रखी है। पुलिस ने 40 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर ली। आरोपितों ने जावरा के तस्करों का नाम कुबूला है।
