
युवती का आरोप- साजिश में आरोपित मोहित के माता-पिता भी शामिल, दूसरी लड़की से शादी की तैयारी कर रहा आरोपित।
इंदौर की लसूड़िया थाना पुलिस ने 30 वर्षीय युवती की शिकायत पर लोहा कारोबारी महेश साहू के बेटे मोहित पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपित शादी का झांसा देकर चार साल से दुष्कर्म कर रहा था। आरोप है कि साजिश में मोहित के माता-पिता भी शामिल हैं।
इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी युवती का चार साल पूर्व मोहित से फेसबुक के माध्यम से परिचय हुआ था। इसके बाद दोनों एक दूसरे से मिलने लगे। एक दिन मोहित माता-पिता से मिलवाने के बहाने सिंधी कालोनी स्थित घर ले गया। उस वक्त घर पर कोई नहीं था और उसने युवती के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बना लिए। विरोध करने पर उसने शादी का वादा किया और पत्नी की तरह दोस्तों और रिश्तेदारों के समक्ष भी ले गया।
कई बार शारीरिक संबंध बनाए फिर शादी से कर दिया इनकार
आरोपित ने कई बार पीड़िता के फ्लैट पर आकर भी शारीरिक संबंध बनाए। कई बार फार्म हाउस और अन्य जगह भी लेकर गया। तीन महीने पूर्व मोहित का व्यवहार बदला और उसने शादी से इनकार कर दिया। दोस्तों से जानकारी मिली कि मोहित दूसरी लड़की से शादी की तैयारी कर रहा है। इसके बाद पीड़िता ने लसूड़िया थाने में शिकायत की और केस दर्ज करवाया।
