
भोलेनाथ कॉलोनी में एक युवक ने छत से कूदकर जान दे दी। परिजन का आरोप है कि वह पत्नी से परेशान था। पत्नी उसे अपने मां-बाप के साथ रहने का दबाव बना रही थी। कोर्ट से नोटिस भी भेजा था, जिससे वह तनाव में था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही। एरोड्रम पुलिस के अनुसार घटना भोलेनाथ कॉलोनी की है। यहां रहने वाले 23 साल के अजय पिता सज्जनसिंह सोलंकी ने घर की दूसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी।
रविवार तड़के 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अजय नीचे पड़ा है। उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जीजा विजय ने बताया कि अजय सेमली बुजुर्ग का रहने वाला है। 2021 में शादी हुई थी। कुछ दिन बाद ही अजय की पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा की शिकायत की थी। पत्नी उसे अलग रहने के लिए दबाव बना रही थी। जब अजय ने मना किया तो कुछ दिन पहले वह मायके चली गई। विजय का आरोप है कि अजय को उसकी सास और साला भी परेशान कर रहे थे। पत्नी ने कोर्ट का नोटिस भेजा था। इससे वह तनाव में था।
